जखनिया (गाजीपुर)। जनपद के प्रतिष्ठित श्री महंत रामाश्रय दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2025–26 के अंतर्गत रोवर्स/रेंजर्स का पंचदिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हुआ। यह शिविर 17 फरवरी 2026 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राएँ अनुशासन, सेवा, नेतृत्व एवं राष्ट्रभावना से संबंधित विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (CMA) बृजेश कुमार जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन प्रोफेसर सत्य प्रकाश सिंह के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रोवर्स/रेंजर्स प्रशिक्षण युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। यह शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल का विकास करता है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।
शिविर के मुख्य प्रशिक्षक श्री इनामुल्लाह अंसारी एवं सह-प्रशिक्षक श्री लालू यादव प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन रोवर्स अधिकारी डॉ. राजेश कुमार केसरी एवं रेंजर्स अधिकारी डॉ. संध्या गुप्ता द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से किया गया।
इस अवसर पर प्रोफेसर शिवानंद पाण्डेय, डॉ. संतोष मिश्रा, डॉ. संतोष सिंह यादव, डॉ. विजय कनौजिया, डॉ. धर्मेंद्र सरोज, श्री अस्विनि सिंह दीक्षित सहित महाविद्यालय के समस्त अध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
शिविर में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं अनुशासित उपस्थिति ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया। आगामी दिनों में विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों, समूह गतिविधियों एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रोवर्स/रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ, युवा शक्ति को मिलेगा नेतृत्व और सेवा का संस्कार
Recent Comments
on Hello world!
