
खेतासराय के 10 दुर्गा पंडालों में देर रात तक चला दर्शन-पूजन, थानेदार करते रहे चक्रमण
समाचार भारत / मोहम्मद अरशद
खेतासराय(जौनपुर)। महानवमी पर सोमवार को खेतासराय कस्बे के दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। गोला बाजार वार्ड स्थित प्रसिद्ध जय मां विंध्यवासिनी पंडाल में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। शाम ढलने के साथ ही पंडालों में भीड़ बढ़ती गई और देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी सिटी अनन्त चंद्रशेखर ने नगर के विभिन्न पंडालों का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
कस्बे के 10 दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजे पंडालों में महिलाओं, बच्चों और युवाओं की भीड़ रही। भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जय मां विंध्यवासिनी पंडाल में व्यवस्था संभालने के लिए संरक्षक मनीष धर्मरक्षक अपनी टीम के साथ जुटे रहे। मां के जयकारों और भक्ति गीतों से कस्बे का माहौल भक्तिमय बना रहा ।
एसपी सिटी अनन्त चंद्रशेखर ने बताया कि गोला बाजार वार्ड स्थित जय मां विंध्यवासिनी दुर्गा पूजा पंडाल, स्टेशन गली और कन्या इंटर कॉलेज के समीप स्थापित पंडाल का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी प्रदीप सिंह को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों को त्योहार के दौरान मुस्तैद रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा। एसपी सिटी ने कड़ी हिदायत दी कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वही थाना प्रभारी प्रदीप सिंह पुलिस टीम के साथ प्रमुख मार्गों और पंडालों के आसपास लगातार चक्रमण करते रहे।
