सोंधी की रामलीला में हनुमान जी के पराक्रम का हुआ सजीव मंचन

समाचार भारत / मोहम्मद अरशद
खेतासराय (जौनपुर)। क्षेत्र के सोंधी गांव में श्री रामजानकी रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में लंका दहन की लीला का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों ने हनुमान जी के लंका पहुंचने, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट करने और रावण की सोने की नगरी में आग लगाने के प्रसंग को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। लंका दहन का दृश्य देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे और पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला के मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज में हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचते हैं। वहां अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट कर उन्हें प्रभु श्रीराम की मुद्रिका देते हैं और उनका संदेश सुनाते हैं। इसके बाद हनुमान जी अशोक वाटिका को उजाड़ देते हैं। रावण के सैनिक उन्हें पकड़कर दरबार में पेश करते हैं। रावण के आदेश पर उनकी पूंछ में आग लगा दी जाती है। इसके बाद हनुमान जी अपने पराक्रम से लंका के विभिन्न हिस्सों में आग लगा देते हैं। देखते ही देखते सोने की नगरी धू-धू कर जलने लगती है।
श्री रामजानकी रामलीला समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर प्रबंधक डॉ. विमल श्रीवास्तव, उप प्रबंधक अजय श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, शेर बहादुर श्रीवास्तव, छोटे लाल यादव, सौरभ शर्मा, राहुल, सोनू, पंकज, आर्यन, विक्की यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
