सुजीत सिंह संवाददाता

एनएच-124डी पर कुड़िला गांव के पास हुआ हादसा, जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
जखनियां (गाजीपुर)। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के ताल गांव निवासी सर्व समाज विकास मंच जनकल्याण विकलांग सेवा समिति के प्रदेश प्रमुख महासचिव हृदयनारायण सिंह रविवार देर रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, हृदयनारायण सिंह रविवार देर रात जखनियां बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-124डी पर कुड़िला गांव के पास सादात की ओर से आ रही एक कार की तेज रोशनी से उनकी आंखें चौंधिया गईं। इससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में वह लहूलुहान हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने उनके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
