खेलते-खेलते घर से निकला अब्दुल्ला, देर शाम पोखरे में मिला शव; सूचना पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स


समाचार भारत/नौशाद मंसूरी
शाहगंज(जौनपुर)
नगर के आजमगढ़ रोड स्थित नटोली क्षेत्र के कांशीराम शहरी आवास कॉलोनी में रविवार की देर शाम पोखरे में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मासूम का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 25, मकान नंबर 290 निवासी वसीम मंसूरी का तीन वर्षीय पुत्र अब्दुल्ला रविवार की शाम घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कॉलोनी के पीछे स्थित पोखरे के पास पहुंच गया। आशंका जताई जा रही है कि पोखरे की सीढ़ियों पर काई जमी होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया।
काफी देर तक अब्दुल्ला के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम करीब सात बजे खोजबीन करते हुए परिजन पोखरे के पास पहुंचे, जहां बच्चे का शव पानी में दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान अब्दुल्ला के रूप में हुई। मासूम को मृत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर डिप्टी एसपी प्रतिमा वर्मा और प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मजदूरी कर परिवार पालता है पिता
मृतक अब्दुल्ला के पिता वसीम मंसूरी नगर के एक होटल में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में अब उसकी मां और पांच वर्षीय बड़ा भाई हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
