हैदर अली संवाददाता


उसिया गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बाबर खान ने फीता काटकर किया शुभारंभ
दिलदारनगर (गाजीपुर)। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर दिलदारनगर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। दुर्गा पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही, जबकि देर शाम मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आकर्षक सजावट, धार्मिक आयोजनों और भक्तिमय वातावरण से पूरा क्षेत्र देवीमय नजर आया।
इसी क्रम में क्षेत्र के उसिया गांव स्थित लहंग बाबा के पोखरा पर नवयुवक दल दुर्गा पूजा समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बाबर खान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ ही लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिला। कार्यक्रम स्थल पर लोगों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।
नवरात्र के पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा समितियों की ओर से दर्शन-पूजन और सांस्कृतिक आयोजनों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मां दुर्गा के जयकारों और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा दिलदारनगर क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आया।
