इकरामूल हक संवाददाता
गाज़ीपुर। सिद्धपीठ हथियाराम मठ के 26वें पीठाधिपति एवं जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी श्री भवानीनन्दन यति जी महाराज की पावन रामहित यात्रा का शनिवार को मनिहारी में भव्य और आध्यात्मिक माहौल के बीच समापन हुआ। बीते नवम्बर माह के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ इस धर्मयात्रा के दौरान महाराजश्री ने गाजीपुर, आजमगढ़ और बलिया जनपद के अनेक गांवों में रात्रि प्रवास करते हुए पूजन, प्रवचन और गुरु दीक्षा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्ममार्ग का संदेश दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिक ज्ञान और संस्कार देना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जैसे चिकित्सा के लिए चिकित्सक और कानूनी सलाह के लिए अधिवक्ता की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार अध्यात्म के मार्गदर्शन के लिए संत-महात्माओं की शरण आवश्यक है, जहां से जीवन को सही दिशा मिलती है।
महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनन्दन यति जी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचन में कहा कि आज का जीवन अत्यधिक व्यस्त हो गया है, फिर भी मनुष्य को ईश्वर आराधना के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में पूजन-अर्चन का विशेष महत्व है। ईश्वर वंदना से मन शुद्ध होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। संत और सत्संग के सानिध्य से श्रेष्ठ विचारों का जन्म होता है तथा जीवन में प्रेम, भक्ति, श्रद्धा और समर्पण की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश ने पीठाधिपति के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश भी दिया। श्रीराम कृपा मानव सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं रामकथा वाचिका आराधना सिंह ने भजन प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समापन अवसर पर देवरहा बाबा (बिरनो), डॉ. सीपी सिंह, डॉ. एके राय, सर्वानंद सिंह झुन्ना, आलोक सिंह, अनिल कुमार सिंह, कल्लू सिंह, शोभनाथ सिंह, बबुआ सिंह, राजकुमार सिंह, चंद्रशेखर सिंह, सुधांशु सिंह, बृजेन्द्र सिंह, डॉ. दिनेश सिंह, नंदकिशोर सिंह, पिंटू सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान लगभग पचास से अधिक दम्पत्तियों ने महाराजश्री से गुरु दीक्षा लेकर शिष्यत्व ग्रहण किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के आने की स्वीकृति थी, किंतु कतिपय कारणों से वे स्वयं उपस्थित नहीं हो सके। दोनों अधिकारियों ने आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
