युसूफ खान
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया इलाके में शनिवार दोपहर कपड़ा सुखाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी हादसे में बदल गया। मारपीट के दौरान दो महिलाएं तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ीं, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भरलाई के हटिया स्थित राधा प्रसाद वर्मा के तीन मंजिला मकान में राजगीर मिस्त्री तेज बहादुर का परिवार तथा एक अन्य किराएदार आकाश का परिवार रहता है। शनिवार करीब 12 बजे तीसरी मंजिल पर रहने वाली ज्योति प्रजापति (22 वर्ष) नहाने के बाद कपड़ा सुखाने छत पर गई थीं। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर रहने वाली समसुल बेगम उर्फ सुमन (28 वर्ष) भी कपड़े सुखाने पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि ज्योति ने अपने बंधे तार पर कपड़ा फैलाने से मना किया, जिस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हाथापाई के दौरान दोनों महिलाएं तीसरी मंजिल के खुले बरामदे तक पहुंच गईं और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ीं।
हादसे में ज्योति प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समसुल बेगम गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृतका के पति तेज बहादुर ने बताया कि उनके दो छोटी बेटियां हैं — एक करीब दो साल की और दूसरी मात्र दो माह की। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कपड़ा सुखाने के विवाद में तीसरी मंजिल से गिरीं दो महिलाएं, एक की मौत, दूसरी गंभीर
Recent Comments
on Hello world!
