ब्यूरो चीफ



दुल्लहपुर (गाजीपुर)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की दुल्लहपुर शाखा की ओर से चैतन्य झांकी का भव्य आयोजन किया गया। उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेश साहू एवं एक्सिस बैंक के पास आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने सजीव देवी स्वरूपों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांकी में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की शक्तियों का सुंदर चित्रण करने के साथ महिषासुर वध की नाट्य प्रस्तुति की गई।
कलाकारों ने अपनी आकर्षक वेशभूषा और प्रभावशाली अभिनय से देवी शक्ति, धर्म की रक्षा तथा अधर्म पर विजय का संदेश दिया। चैतन्य झांकी में नवदुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की प्रस्तुति ने नवरात्र की आध्यात्मिक महत्ता को साकार किया। झांकी देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं को नारी शक्ति के सम्मान, आध्यात्मिक चेतना और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। देवी स्वरूपों की सजीव प्रस्तुति दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ ब्रह्माकुमारी विमला दीदी, शाखा प्रभारी आरती बहन, सुरेश गुप्ता, सुरेश राय, दीपक सिंह, उमेश राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित रहे। आयोजन ने नवरात्र के उल्लास के बीच धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण निर्मित किया।



