शैलेंद्र यादव/ पन्नालाल संवाददाता
दुल्लहपुर गाज़ीपुर।
जखनिया विकासखंड अंतर्गत देवा गांव निवासी योगेंद्र राजभर, जो जलालाबाद चट्टी पर साइकिल पंचर की छोटी दुकान चलाकर जीविकोपार्जन करते हैं, आज ठगी का शिकार हो गए। घटना उस समय हुई जब वे सुबह दुकान खोलने जा रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, देवा गांव में ही एक अज्ञात बाइक सवार ने उनसे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में उनका नाम दर्ज है। इसके लिए आधार कार्ड और बैंक पासबुक लाने की बात कहते हुए उसने ₹450 शुल्क बताया और एक प्राइवेट पर्ची पर मोहर लगाकर उस पर “विकास भवन आजमगढ़” लिखा हुआ दे दिया।
योगेंद्र राजभर ने जैसे ही पैसे निकालने के लिए जेब में हाथ डाला, उस व्यक्ति ने ₹450 के बजाय ₹700 निकाल लिए और बाइक से जखनिया की ओर फरार हो गया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित जलालाबाद चौक पहुंचा, जहां उसने मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों को आपबीती बताई।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आवास योजना के नाम पर हो रही ठगी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया
