अशोक कुशवाहा संवाददाता
चलायमान आंखों वाली प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र, 21 अक्टूबर को ओमप्रकाश दीवाना और रजनीगंधा के बीच होगा बिरहा मुकाबला
देवकली (गाजीपुर)। क्षेत्र के ब्रह्म स्थल देवकली परिसर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर 50 फुट ऊंचे भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल में गोरखपुर के बड़हलगंज से लाखों रुपये की लागत से निर्मित मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। लगभग 20 फुट चौड़ी और 10 फुट ऊंची प्रतिमा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भव्य सजावट और आकर्षक धार्मिक आयोजन के चलते पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार मौर्य एवं प्रबंधक विशाल वर्मा ने बताया कि मां दुर्गा की प्रतिमा की विशेषता यह है कि उनकी आंखें और पलकें लगातार खुलती और बंद होती दिखाई देती हैं। इस अनूठी कलात्मक प्रस्तुति को देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल में विधि-विधान से पूजन-अर्चन और देवी जागरण का कार्यक्रम चल रहा है। पूजा का संचालन आचार्य पंडित सुधाकर पांडेय की देखरेख में किया जा रहा है।
आयोजन के क्रम में भरत मिलाप के अवसर पर 21 अक्टूबर को रात्रि सात बजे से बिहार के लोकगीत गायकों ओमप्रकाश दीवाना और रजनीगंधा के बीच भव्य बिरहा मुकाबले का आयोजन किया जाएगा। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रीय लोगों में उत्साह है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक वर्मा, वरुण वर्मा, अजय बाबा, दीपक वर्मा, दिल्लू यादव, संतोष यादव, शिवम जायसवाल, अमित वर्मा, जितेंद्र वर्मा, सत्यप्रकाश गुप्ता, गोविंदा गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, अवधेश मौर्य, गणेश चौरसिया, मनीष जायसवाल सहित अन्य लोगों का उल्लेखनीय सहयोग मिल रहा है।



