ब्यूरो चीफ
छह चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश, दो तमंचे, कारतूस, 7,500 रुपये नकद और ऑटो रिक्शा बरामद
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर चोरों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब छह लाख रुपये के जेवरात, दो तमंचे, कारतूस, 7,500 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किया जाने वाला ऑटो रिक्शा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से चोरी की छह घटनाओं का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बंद मकानों की रेकी करते थे और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ लकी उर्फ बुढ़वा तथा दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दिनेश के विरुद्ध आजमगढ़ और मऊ में वर्ष 2011 से 2023 तक तथा दीपक के विरुद्ध आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में वर्ष 2015 से 2024 तक चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
थाना कप्तानगंज में चोरी, पुलिस पर फायरिंग और अवैध असलहों की बरामदगी के संबंध में भारतीय न्याय संहिता तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में हुई। टीम में उपनिरीक्षक प्रिंस मिश्रा, रमेश चन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिन्द और अमन तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
