दुल्लहपुर (गाजीपुर):
ट्रेन से यात्रा कर रहे एक बुजुर्ग दंपती को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित दंपती मूल रूप से बहराइच के रहने वाले हैं और आजमगढ़ में अपने भाई की तेरही (श्राद्ध कर्म) में शामिल होने जा रहे थे। मंगलवार सुबह गाजीपुर के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर दोनों यात्री अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
गोरखपुर में पिलाया गया नशीला कोल्ड ड्रिंक
पीड़ित दंपती सुंदरलाल गौतम और उनकी पत्नी पानबरसी के अनुसार, गोरखपुर स्टेशन के पास एक अज्ञात युवक ने उनसे जान-पहचान बनाई और उन्हें पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। कोल्ड ड्रिंक पीते ही दोनों बेहोश हो गए। दुल्लहपुर स्टेशन पर सह-यात्रियों ने उनकी हालत देखकर उन्हें ट्रेन से नीचे उतारा और तत्काल जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) को सूचना दी।
नकदी और मंगलसूत्र गायब
पीड़ितों ने बताया कि उनके पास मौजूद लगभग 40 हजार रुपये नकदी, सामान और महिला के गले का मंगलसूत्र गायब है। फिलहाल दोनों यात्रियों का इलाज कराया गया है और डॉक्टरों के अनुसार वे खतरे से बाहर हैं।
बयानों में अंतर, जीआरपी कर रही छानबीन
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक पूछताछ में दंपती के बयानों में कुछ विरोधाभास देखने को मिला है। घटना में कितनी सच्चाई है और लूट वास्तव में किस जगह हुई, इसका पूरा सच पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ट्रेन में जहरखुरानी का शिकार हुआ बुजुर्ग दंपती: 40 हजार की नकदी व गहने गायब, पुलिस जांच में जुटी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!
