लखनऊ.सुभासपा सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर ने अंबेडकर नगर से अतरौलिया तक की बस यात्रा, यात्रियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। सुभासपा सुप्रीमो और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आम जनता के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं। मंत्री जी ने खास अंदाज में सफर तय किया और जनता का हाल जाना।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आज रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जनसंपर्क और जनता से जुड़ाव का अनूठा उदाहरण पेश किया। उन्होंने जनपद अंबेडकर नगर से आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा के लिए रोडवेज बस से यात्रा की।
सफर के दौरान मंत्री राजभर ने बस में मौजूद सभी यात्रियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने न सिर्फ लोगों से संवाद किया, बल्कि रक्षाबंधन के इस पवित्र पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान बस में सफर कर रही बहनों और अन्य यात्रियों ने एक कैबिनेट मंत्री को अपने बीच पाकर बेहद खुशी जताई।
यात्रा के दौरान मंत्री राजभर ने प्रदेशवासियों के नाम संदेश देते हुए कहा कि प्रेम, स्नेह और विश्वास से जुड़े इस पावन पर्व पर अपने घर-परिवार तक पहुंचने वाली बहनों और सभी यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो, यही उनकी हार्दिक कामना है। आम जनता के बीच इस तरह की सहज मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में भी खासी सुर्खियां बटोरी हैं।



