चन्द्रकेश गुप्ता संवाददाता


दुल्लहपुर (गाजीपुर): स्थानीय थाना क्षेत्र के अतरौला गांव में शुक्रवार को एक भीषण हादसे में 53 वर्षीय सुरेंद्र राजभर की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह नायकडीह बाजार से पैदल रेलवे लाइन के रास्ते अपने घर वापस लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही दुल्लहपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भिजवा दिया। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ढेली राजभर और उनके पांच पुत्र—पिंटू, रामाश्रय, रामाशीष, राजन और राजू—का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि सुरेंद्र राजभर के पांच बेटों में से तीन विदेश में रहकर रोजी-रोटी कमाते हैं, जबकि अन्य सदस्य घर पर रहकर खेती-बारी संभालते हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष राय ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया है। परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गांव में इस आकस्मिक और दुखद घटना के बाद से शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
