अमित चौबे जिला संवाददाता
मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 271 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार के कटिहार जिले के निवासी स्कॉर्पियो वाहन से अयोध्या धाम दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक स्कॉर्पियो का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

