Friday, March 6, 2026
HomeBlogमरदह में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, देशभक्ति के...

मरदह में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र

आनन्द कुमार संवाददाता
मरदह (गाजीपुर)। सोमवार को राष्ट्र के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मरदह क्षेत्र में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और पुलिस थानों पर पूरे सम्मान और गरिमा के साथ ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा।
शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रमों की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुई। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, प्रेरक भाषण और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने तिरंगे की वेशभूषा में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
माता तपेश्वरी शिक्षण संस्थान, एम.आर.डी. पब्लिक स्कूल, एस.पी.एस. इंग्लिश स्कूल, राधा कृष्ण इंटर कॉलेज, एस.टी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, वी.बी.एस. पब्लिक स्कूल, शिवपूजन सिंह इंटर कॉलेज, लिटिल फ्लावर स्कूल एवं कंपोजिट विद्यालय मरदह में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें अभिभावकों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ प्रशासनिक एवं जनसेवा केंद्रों पर भी संविधान के प्रति निष्ठा का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ध्वजारोहण कर संविधान के मूल सिद्धांतों के पालन की शपथ ली।
मरदह थाने में थानाध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण कर पुलिस बल को संविधान की रक्षा एवं जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दिलाया गया। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सा विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग तथा बहुद्देशीय किसान कल्याण केंद्र पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
कार्यक्रमों के समापन के बाद सभी स्थानों पर मिठाई का वितरण किया गया। शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments