समाचार भारत- सत्येन्द्र विश्वकर्मा/
मीरजापुर।माँ विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल में 18/19 मार्च की मध्यरात्रि से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने रविवार को प्रशासनिक भवन विंध्याचल में अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं के साथ बैठक कर समीक्षा की। इस दौरान यू0पी0सी0एल0 द्वारा निर्माणाधीन शौचालयों की प्रगति खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए 13 मार्च तक हर हाल में कार्य पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका को मेला क्षेत्र की गलियों व नालियों की समय से सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा सीवर की मशीन से सफाई कराने को कहा। साथ ही बिजली विभाग को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था तथा ढीले तार व टूटे पोल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जल निगम को मेला क्षेत्र सहित गड़बड़ा धाम, शीतला धाम अदलहाट व चुनार दुर्गा मंदिर में प्रत्येक वाटर प्वाइंट पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत, जबकि जिला पंचायत को पार्किंग व्यवस्था, रेट लिस्ट व कर्मचारियों के ड्रेस कोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद डीएम-एसपी ने विंध्याचल मंदिर, वीआईपी मार्ग, पक्का घाट मार्ग व अन्य घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मेला पूर्व सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



