Thursday, March 26, 2026
HomeBlogरसोई गैस सिलेंडर को लेकर मचा हाहाकार, नीलकंठ एचपी ग्रामीण वितरक केंद्र...

रसोई गैस सिलेंडर को लेकर मचा हाहाकार, नीलकंठ एचपी ग्रामीण वितरक केंद्र पर लगी लंबी कतार,जिम्मेदार मौन

विशेष संवाददाता (गाज़ीपुर)।
दुल्लहपुर क्षेत्र में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर को लेकर इन दिनों हाहाकार की स्थिति बन गई है। जलालाबाद स्थित नीलकंठ एचपी ग्रामीण वितरक केंद्र पर गैस लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह का नाश्ता-पानी छोड़कर ही सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो रहे हैं, फिर भी कई घंटों तक इंतजार के बाद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में एचपी गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। गैस सिलेंडर के अभाव में लोगों के सामने भोजन बनाने का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय निवासी शांति देवी ने बताया कि वह सुबह 6 बजे से ही सिलेंडर लेकर लाइन में लगी हैं, लेकिन सुबह 10 बजे तक भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। वहीं राजेश चौहान ने कहा कि केंद्र पर इतनी लंबी लाइन लगी है कि लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है।
इसी तरह अवधेश मिश्रा ने कहा कि सिलेंडर की ऐसी किल्लत पहली बार देखने को मिल रही है। इससे पहले आराम से गैस सिलेंडर मिल जाया करता था, लेकिन अब लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गैस नहीं मिलने पर लोगों को मजबूरी में या तो पैकेट का भोजन करना पड़ रहा है या फिर होटल का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में एचपी गैस सिलेंडर के सेल्समैन और संबंधित अधिकारी को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इस मामले में उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित विभाग को भेजकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और समस्या का समाधान कराया जाएगा।
गैस सिलेंडर की कमी से दुल्लहपुर और आसपास के क्षेत्रों में आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। अब लोगों की नजर प्रशासन और गैस एजेंसी की ओर टिकी है कि आखिर कब तक इस समस्या से राहत मिलती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments