Thursday, March 26, 2026
HomeBlogपेट्रोल-डीजल महंगा होने की अफवाह पर प्रशासन सतर्क, घबराकर खरीदारी न करें...

पेट्रोल-डीजल महंगा होने की अफवाह पर प्रशासन सतर्क, घबराकर खरीदारी न करें – जिला पूर्ति अधिकारी

विशेष संवाददाता
गाजीपुर, 08 मार्च 2026। जनपद में सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की अफवाह तेजी से फैल रही है, जिसके चलते कई पेट्रोल पंपों और डीजल पंपों पर अनावश्यक भीड़ देखी जा रही है। कुछ लोग डर के कारण जरकीन, गैलन और ड्रम में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, वहीं गैस एजेंसियों से घरेलू गैस सिलेंडर लेकर भी संग्रहित किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी अनन्न प्रताप सिंह ने जनपद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से लगातार समन्वय स्थापित कर पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। वर्तमान समय में जनपद के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑयल कंपनियों की ओर से यह जानकारी दी गई है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की मांग और आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई रुकावट नहीं है और अभी तक कीमत बढ़ने से संबंधित कोई भी आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि वे नियमानुसार पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। किसी भी स्थिति में आपूर्ति को अकारण न रोका जाए और न ही कहीं अवैध भंडारण होने दिया जाए। साथ ही किसी भी व्यक्ति को थोक या बल्क में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति न की जाए और घरेलू गैस सिलेंडर केवल संबंधित उपभोक्ता को ही उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने बताया कि पूर्ति निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। यदि कहीं किसी व्यक्ति या फर्म द्वारा पेट्रोल, डीजल या गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण या कालाबाजारी करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ Essential Commodities Act, 1955 की धारा 3/7 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और सामान्य रूप से आवश्यकतानुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस की खरीदारी करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments