Friday, March 6, 2026
Homeghazipurहुड़दंगियों की अब खैर नहीं: शादियाबाद में पवन उपाध्याय की अगुवाई में...

हुड़दंगियों की अब खैर नहीं: शादियाबाद में पवन उपाध्याय की अगुवाई में सड़क पर उतरी पुलिस

संवाददाता इकरामूल हक
शादियाबाद (गाजीपुर)।
होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शादियाबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। थाना प्रभारी शादियाबाद पवन उपाध्याय के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स के साथ पूरे कस्बे और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और हुड़दंग मचाने की फिराक में घूम रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान अंग्रेजी शराब एवं देशी शराब की दुकानों पर विशेष निगरानी रखी गई। दुकानों पर पहुंचकर पुलिस ने मौजूद लोगों की तलाशी ली और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी हाल में नाबालिगों को शराब की बिक्री न की जाए तथा शासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
थाना प्रभारी पवन उपाध्याय स्वयं पैदल गश्त करते हुए बाजार, थाना चौराहा और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों व आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। मोटरसाइकिल सवार युवकों की सघन जांच की गई तथा बिना कागजात या संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए लोगों को सख्त चेतावनी दी गई।
इस दौरान थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के नाम पर जबरन रंग लगाना, नशे में उत्पात मचाना, अशांति फैलाना या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें। पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
होली से पहले चलाए जा रहे इस व्यापक अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है। शादियाबाद पुलिस का साफ संदेश है—त्योहार की खुशियों में खलल डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments