Friday, March 6, 2026
Homeghazipurपरीक्षा देकर लौट रहे छात्रों की बाइक भिड़ंत में एक की मौत,...

परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों की बाइक भिड़ंत में एक की मौत, तीन गंभीरबिरनो थाना क्षेत्र के भैरोपुर शहीद गेट के पास दर्दनाक हादसा, गांवों में छाया मातम

संवाददाता लल्लन सिंह यादव /रामध्यान यादव
बिरनो (गाज़ीपुर)। बिरनो थाना क्षेत्र के महमूदपुर ढेबुहा चट्टी स्थित भैरोपुर शहीद गेट के पास शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे उस समय हृदयविदारक हादसा हो गया, जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक होनहार छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाकी बाबा सिद्धार्थ इंटर कॉलेज, युसुफपुर खंडवा से हाईस्कूल की गणित की परीक्षा देकर चार छात्र दो बाइकों पर सवार होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे महमूदपुर ढेबुहा चट्टी के समीप पहुंचे, अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में अभिषेक राजभर (15) पुत्र अनिल राजभर, अमन राजभर (15) पुत्र रामजी राजभर, सतीश राजभर (15) पुत्र बिरजू राजभर निवासी भागमलपुर दुधवा थाना बिरनो तथा आरपी राजभर (14) पुत्र रामचंद्र राजभर निवासी सिखड़ी थाना दुल्लहपुर शामिल थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने आरपी राजभर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन छात्रों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय गाज़ीपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अमन राजभर और अभिषेक राजभर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा माहौल गमगीन हो उठा। हर आंख नम थी और हर जुबान पर यही सवाल था कि परीक्षा देकर लौट रहे मासूम छात्रों के साथ यह अनहोनी क्यों हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे से बिरनो क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांवों में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और हर दिल शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments