Wednesday, April 22, 2026
HomeBlogसीट विवाद बना हिंसा का कारण: इंटरसिटी एक्सप्रेस में मारपीट के आरोपी...

सीट विवाद बना हिंसा का कारण: इंटरसिटी एक्सप्रेस में मारपीट के आरोपी गिरफ्तार,सीसी टीवी फुटेज से हुई पहचान

संवाददाता

(गाज़ीपुर)। दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर 19 फरवरी की रात 11:37 बजे वाराणसी से गोरखपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस 15132 में सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। कुश्ती खिलाड़ियों और अन्य युवकों के बीच कहासुनी के बाद ट्रेन के दुल्लहपुर स्टेशन पर रुकते ही कुछ युवाओं ने लाठी-डंडों से हमला कर एक खिलाड़ी को घायल कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रेलवे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले के पर्दाफाश के लिए जीआरपी थाना मऊ के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, दुल्लहपुर चौकी प्रभारी ओम शंकर गुप्ता एवं आरपीएफ टीम ने सक्रियता दिखाते हुए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज दोपहर 12:20 बजे मऊ रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय के पास से दो आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल पुत्र स्व. सुरेंद्र राम निवासी दुल्लहपुर तथा रोशन निवासी दुल्लहपुर शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध बीएनएसएस 126, 135 एवं 170 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 19 फरवरी को वे ट्रेन संख्या 15132 के जनरल डिब्बे में यात्रा कर रहे थे। सीट पर बैठने को लेकर कुश्ती खिलाड़ियों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान आशीष नामक युवक ने मोबाइल से अपने साथियों को दुल्लहपुर स्टेशन पर बुला लिया। ट्रेन लगभग दो मिनट के लिए रुकी, उसी दौरान साथियों ने मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
घटना के अनावरण में आरपीएफ प्रभारी अजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक इंद्रजीत यादव एवं अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेल यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments