सुजीत सिंह संवाददाता


भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने सीओ से की शिष्टाचार भेंट, अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
जखनिया, गाजीपुर। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भुड़कुड़ा क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी से औपचारिक मुलाकात कर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान व्यापारियों ने क्षेत्राधिकारी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही जखनिया बाजार में व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की।
इस अवसर पर प्रमोद वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पूरे प्रदेश में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा शासन में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, अपराध करने वालों को कानून के दायरे में लाकर जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जखनिया भले ही छोटा कस्बा है, लेकिन तहसील मुख्यालय होने के कारण यहां दुल्लहपुर, शादियाबाद, बहरियाबाद, सादात समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी और आम नागरिक खरीदारी एवं व्यापारिक लेनदेन के लिए आते हैं। ऐसे में बाजार में सुरक्षा का मजबूत माहौल होना बेहद जरूरी है। पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो, ताकि व्यापारी बिना किसी भय के अपना कारोबार कर सकें और आम नागरिक सुरक्षित आवागमन कर सकें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा है तो व्यापार है, इसलिए व्यापारियों को पुलिस प्रशासन से केवल सुरक्षा का भरोसा चाहिए।
इस पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। बाजार में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। किसी भी व्यक्ति द्वारा अपराध या अराजकता फैलाने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर प्रांतीय मंत्री अशोक गुप्ता, व्यापार प्रकोष्ठ के बाजार प्रमुख धर्मेंद्र चौरसिया, संयोजक विजय गुप्ता, प्रशांत सिंह, राजेश जायसवाल, वरुण पांडेय, दीपक गुप्ता, सुनील सहित कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।
