Friday, March 6, 2026
HomeBlogमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौड़ी गढ़वाल में महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौड़ी गढ़वाल में महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय का किया निरीक्षण, किया पौधरोपण व महंत अवेद्यनाथ जी को दी श्रद्धांजलि

रमेश प्रसाद सोनी उत्तर प्रदेश
लखनऊ/पौड़ी गढ़वाल।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उत्तराखंड राज्य के जनपद पौड़ी गढ़वाल स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी (यमकेश्वर) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाविद्यालय परिसर में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के संस्थान केवल ज्ञान का केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज निर्माण और संस्कारों के संवाहक होते हैं। ऐसे संस्थानों का सुदृढ़ और सुव्यवस्थित होना युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
राष्ट्रसंत महंत अवेद्यनाथ जी को श्रद्धांजलि
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महंत अवेद्यनाथ जी महाराज का जीवन राष्ट्र, धर्म और समाज सेवा को समर्पित रहा है। उनके विचार और कार्य आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोरखनाथ की परंपरा ने राष्ट्र को एकात्मता, सेवा और तपस्या का मार्ग दिखाया है, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय इसी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
निरीक्षण एवं कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्र में शैक्षणिक विकास और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments