Thursday, November 19, 2026
HomeBlogउचित दर की दुकान पर 216 क्विंटल राशन की कालाबाजारी उजागर, कोटेदार...

उचित दर की दुकान पर 216 क्विंटल राशन की कालाबाजारी उजागर, कोटेदार पर मुकदमा

संवाददाता मुहम्मद ईशा नियाजी

स्टॉक में गेहूं-चावल की भारी कमी मिलने पर पूर्ति विभाग की कार्रवाई, अनुबंध निरस्त करने की संस्तुति

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचोखर में उचित दर विक्रेता की दुकान के औचक निरीक्षण में बड़े पैमाने पर खाद्यान्न की अनियमितता उजागर हुई है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के अनुमोदन पर पूर्ति विभाग ने आरोपी कोटेदार प्रिंस कुमार पासवान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही दुकान का अनुबंध निलंबित करने की संस्तुति की गई है।

पूर्ति निरीक्षक राज कुमार के नेतृत्व में शनिवार को की गई जांच में दुकान पर गेहूं और चावल का स्टॉक निर्धारित मात्रा से काफी कम मिला। अभिलेखों के अनुसार 41.17 कुंतल गेहूं और 175.57 कुंतल चावल की कमी पाई गई। इस तरह कुल 216.74 कुंतल खाद्यान्न कम मिला। इसके अलावा दुकान पर आवश्यक सूचनाओं का प्रदर्शन नहीं किया गया था और स्टॉक रजिस्टर सहित वितरण प्रमाण पत्र मांगे जाने पर प्रस्तुत नहीं किए गए।

विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 में क्रमशः 55.52, 56.73 और 54.43 प्रतिशत कार्डधारकों को ही खाद्यान्न वितरित किया गया था। आरोप है कि खाद्यान्न की कालाबाजारी के चलते पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को उनके हिस्से का राशन नहीं दिया गया।

वहीं नवंबर माह का खाद्यान्न वितरण छह नवंबर से शुरू होना था, लेकिन सात नवंबर तक वितरण शुरू नहीं किया गया था। जांच के दौरान दुकान पर उपलब्ध पांच कुंतल गेहूं और पांच कुंतल चावल को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी गांव के दूसरे कोटेदार सतीश राय को सौंपी गई। पूर्ति निरीक्षक राज कुमार ने बताया कि आरोपी कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है और अनुबंध निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments