संवाददाता मुहम्मद ईशा नियाजी
हरपुर गांव के समीप हुआ भीषण हादसा, टक्कर के बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी; घायलों की हालत चिंताजनक
जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हरपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ देर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों के अनुसार, सैयदाबाद निवासी 30 वर्षीय नरेश बाइक से जमानियां की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कालानपुर निवासी बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में पहुंचे और उनकी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में कालानपुर निवासी पप्पू (24), सोहन (20) तथा सैयदाबाद निवासी नरेश (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से हटाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उधर, दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-24 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक दुर्घटना की जानकारी नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने पर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
