Thursday, November 19, 2026
HomeBlogरंगदारी नहीं देने पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला, मुकदमा...

रंगदारी नहीं देने पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज

मुहम्मद ईशा नियाजी संवाददाता

जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र में 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

दरोली गांव निवासी दिनेश यादव के अनुसार, वह अपने विद्यालय से निकलकर दरोली रेलवे स्टेशन होते हुए जनकपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हरपुर निवासी लालू यादव और शेरपुर निवासी अरुण यादव उर्फ गोलू अपने कुछ साथियों के साथ क्रेटा कार से वहां पहुंचे और उनकी गाड़ी को घेर लिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की। किसी तरह हमलावरों के चंगुल से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई।

दिनेश यादव ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनसे लंबे समय से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। रकम देने से इनकार करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments