रामकेश विश्वकर्मा संवाददाता
बरामद गांजे की कीमत करीब 17.15 लाख रुपये, चेकिंग के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
गाजीपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जंगीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सात नवंबर को अरसदपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 34 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष ओमप्रकाश और उपनिरीक्षक पन्नेलाल यादव पुलिस टीम के साथ अरसदपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर गाड़ी सवार भागने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र के मुगलपुर उर्फ मुहम्मदाबाद निवासी रमेश कुमार तथा अमरूद मंडी, राजघाट निवासी राहुल राठौर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
