Thursday, November 19, 2026
HomeBlogज्वेलरी शॉप पर लूट का दो घंटे में पर्दाफाश, मुठभेड़ में बदमाश...

ज्वेलरी शॉप पर लूट का दो घंटे में पर्दाफाश, मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ

लूट की घटना का पर्दाफाश करते एसपी विनय कुमार सिंह प्रेस कांफ्रेस जरिये!

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के बाएं पैर में लगी गोली, लूटी गई पांच सोने जैसी पीली धातु की चेन, दो पिस्टल और कार बरामद

गाजीपुर।शहर के बंशी बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप पर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे जनपद में हड़कंप मचा दिया। बेखौफ बदमाशों ने फायरिंग करते हुए संगिनी ज्वेलर्स को निशाना बनाया और आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, लूट की खबर मिलते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुए। हालांकि, गाजीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दिया। स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:40 बजे सूचना मिली कि कोतवाली क्षेत्र के बंशी बाजार स्थित संजय कुमार वर्मा की ज्वेलरी दुकान संगिनी ज्वेलर्स पर तीन बदमाशों ने फायरिंग करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित पक्ष से जानकारी ली। अपराधियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। वादी शिवम कुमार वर्मा की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा संख्या 803/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर मीरनपुर शक्का मोड़ के पास भागने की फिराक में लगे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों अभियुक्तों के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में गिरफ्तार अभियुक्तों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजय दुबे उर्फ पप्पू (42) पुत्र बालकृष्ण दुबे तथा पुष्कर दुबे (21) पुत्र संतोष, निवासी खतीरपुर थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई पांच पीली धातु की चेन, दो पिस्टल, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन संख्या UP61AW4660 बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त संजय दुबे उर्फ पप्पू के विरुद्ध पहले भी कोतवाली में जाली भारतीय मुद्रा से संबंधित धाराओं तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, पुष्कर दुबे के विरुद्ध लूट के इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह मय टीम तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह मय पुलिस टीम शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments