Thursday, November 19, 2026
HomeBlogचंद्रशेखर आजाद का हुंकार, बोले— बैलेट पेपर से चुनाव कराने की लड़ाई...

चंद्रशेखर आजाद का हुंकार, बोले— बैलेट पेपर से चुनाव कराने की लड़ाई लड़ेंगे, पत्रकार खा गए धक्का

अलीपुर मदरा में करीब 10 हजार की भीड़ को किया संबोधित, आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी विनय सागर के समर्थन में मांगे वोट

जखनियां, गाजीपुर। जखनियां विधानसभा क्षेत्र के अलीपुर मदरा गांव के पास स्थित अंबेडकर पार्क के पास मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सुप्रीमो एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। करीब 10 हजार लोगों की मौजूदगी का दावा करते हुए आयोजित सभा में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और जखनियां विधानसभा क्षेत्र-373 से पार्टी प्रत्याशी विनय सागर को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी और हर तरफ नीला झंडा दिखाई देगा।

चंद्रशेखर आजाद ने पूना समझौते और महात्मा गांधी से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए दलित, अति दलित और पिछड़े समाज के अधिकारों की बात उठाई। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) आरक्षण का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि आरक्षण के अधिकारों को प्रभावित किया गया है।

बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

सभा के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने के मुद्दे पर लोगों की राय जानी। उनके आह्वान पर मौजूद समर्थकों ने हाथ उठाकर बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग का समर्थन किया। इस पर उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षित बनें, आगे बढ़ें और केवल रील बनाने के चक्कर में न पड़ें।

दो घंटे देरी से पहुंचे सांसद, युवाओं को करना पड़ा शांत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चंद्रशेखर आजाद को दोपहर करीब 12 बजे पहुंचना था, लेकिन वह लगभग दो बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर स्वागत किया। भीड़ में युवाओं का उत्साह इतना अधिक था कि उन्हें शांत कराने के लिए चंद्रशेखर आजाद को मंच से करीब एक घंटे तक अपील करनी पड़ी। मोबाइल से रील बनाने की होड़ के बीच कुछ पत्रकारों को भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा।

इसके पहले प्रदेश के कई पदाधिकारियों ने संबोधन कर प्रत्याशी विनय सागर के समर्थन में मतदान की अपील की।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद, सुरक्षा में जुटा पुलिस प्रशासन

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, पूर्वांचल संगठन प्रभारी विनय सागर, राहुल रावते, गोरख नाथ बौद्ध, जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार बौद्ध, मनोज गौतम, एडवोकेट हरेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान रेखा देवी, मानव राजभर और विकास राव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस उपाधीक्षक रामकृष्ण तिवारी के नेतृत्व में दुल्लहपुर, शादियाबाद, बिरनो, भुड़कुड़ा और सादात समेत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस तैनात रही। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन विभाग का वाहन भी मौजूद रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments