सत्येंद्र विश्वकर्मा वरिष्ठ संवाददाता
घरेलू कनेक्शन के न्यूट्रल से जोड़कर औद्योगिक मीटर को किया जा रहा था प्रभावित, विद्युत प्रवर्तन दल ने की कार्रवाई
मीरजापुर। विद्युत चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार की सुबह विद्युत प्रवर्तन दल एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने अहरौरा थाना क्षेत्र के पट्टीकला स्थित एक औद्योगिक परिसर में बिजली चोरी का मामला पकड़ा। जांच के दौरान परिसर स्वामी प्रहलाद प्रसाद पुत्र मधुसूदन के यहां 54.129 किलोवाट (72.88 हॉर्स पावर) विद्युत भार का अवैध उपभोग किए जाने का मामला सामने आया।
प्रवर्तन दल प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे की गई जांच में पाया गया कि औद्योगिक विद्युत कनेक्शन के मीटर को घरेलू कनेक्शन के न्यूट्रल तार से एमसीबी के माध्यम से जोड़ा गया था। जांच में एमसीबी चालू रहने पर औद्योगिक मीटर चलता मिला, जबकि उसे बंद करने पर मीटर पूरी तरह बंद हो गया। इस दौरान चक्की का संचालन जारी रहने के बावजूद मीटर में विद्युत खपत दर्ज नहीं हो रही थी।
विद्युत विभाग की टीम ने इसे विद्युत चोरी का मामला मानते हुए विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत दंडनीय अपराध बताया। इस संबंध में चेकिंग रिपोर्ट संख्या 29172/02 तैयार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए एपीटी थाना मीरजापुर को सौंप दी गई।
कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता शुभम मिश्रा, उपखंड अधिकारी संजय यादव, अवर अभियंता पंचधारी सिंह सहित प्रवर्तन दल के अवर अभियंता अरुण कुमार, मुख्य आरक्षी सिकंदर सोनकर, प्रदीप कुमार गिरि एवं आरक्षी अमित कुमार कश्यप मौजूद रहे।
