शैलेन्द्र यादव संवाददाता






भाजपा नेता अनिल कुमार पांडेय और उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन, समूह ऋण से छोटे कारोबारियों को मिलेगा प्रोत्साहन
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल करते हुए दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर एक्सिस बैंक के पास उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। बैंक का उद्घाटन भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार पांडेय, उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश मद्धेशिया और महामंत्री सुरेश साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। नई शाखा खुलने से क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं और व्यापारियों को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर आरबीएम पंकज पोरवाल ने बैंक की सेवाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बैंक की ओर से महिला समूहों के माध्यम से ऋण वितरण के साथ बचत खाता, चालू खाता, सावधि जमा तथा कृषि ऋण, गोल्ड लोन, होम लोन और बाइक लोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त व्यापारियों के लिए भी विशेष बैंकिंग सुविधाओं की व्यवस्था है।
भाजपा नेता अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि ग्रामीण अंचल में बैंक की शाखा खुलने से मध्यमवर्गीय परिवारों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि महिला समूहों के माध्यम से मिलने वाला ऋण छोटे कारोबारियों और जरूरतमंद लोगों को अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने में सहायक हो सकता है।
इस मौके पर आरसीएम गौरव नारंग, डीएम राजेश कुमार, डाकघर के शाखा प्रबंधक केपी यादव, एएम पियूष उपाध्याय, सीसीएम राघवेंद्र द्विवेदी, मैनेजर शकील अंसारी और शाखा प्रबंधक गरिमा सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
