संवाददाता समाचार
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) को ड्राई डे के मौके पर अवैध रूप से शराब बेचने के कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सिगरा पुलिस ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समीप छापेमारी कर सब्जी की टोकरी में छिपाकर शराब और बीयर बेच रहे एक अभियुक्त को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष शिवकांत मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सफेद शर्ट पहने अभियुक्त को घेराबंदी कर दबोचा। तलाशी लेने पर उसकी सब्जी की टोकरी से भारी मात्रा में अवैध देशी-विदेशी शराब और बीयर की बोतलें बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, ड्राई डे के दिन शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहने का फायदा उठाकर तस्कर शराब के शौकीनों को ऊंचे दामों पर माल सप्लाई कर रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि काशी विद्यापीठ मार्ग पर सब्जी बेचने की आड़ में शराब की तस्करी हो रही है। सिगरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और अभियुक्त को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
