
सत्येन्द्र विश्वकर्मा, मीरजापुर (पड़री)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पड़री थाना परिसर में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के डीजे संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने त्योहारों के दौरान डीजे संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए।
थाना प्रभारी ने कहा कि डीजे की ध्वनि निर्धारित सीमा से अधिक न हो और संचालन से आमजन की शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने धार्मिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति से बचने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी अथवा उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न डीजे संचालक मौजूद रहे।
