समाचार भारत/आनन्द कुमार ब्यूरो चीफ चन्दौली
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में 65 वर्षीय साइकिल सवार हरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि हरेंद्र सिंह कृषि कार्य के लिए डीजल लेने साइकिल से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय मारूफपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार निजी स्कूल बस ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हरेंद्र सिंह हिन्द मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए जा रहे हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।
