गाजीपुर में आज राष्ट्रीय लोक अदालत: लंबित मुकदमों के त्वरित निस्तारण का सुनहरा मौका
रमेश प्रसाद सोनी ब्यूरो चीफ
गाजीपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के तत्वावधान में शनिवार को जनपद के जिला मुख्यालय समेत समस्त तहसील न्यायालयों में सुबह 10:00 बजे से ‘राष्ट्रीय लोक अदालत’ का आयोजन किया जा रहा है। इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य वर्षों से लंबित मुकदमों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराना है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जयप्रकाश यादव, नोडल अधिकारी शक्ति सिंह (प्रथम) और पूर्णकालिक सचिव नीरज गोंड की देखरेख में संपन्न होगा। प्रशासन की ओर से अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित वादकारियों को पूर्व में ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
जखनिया ग्राम न्यायालय में सुलह योग्य मुकदमों पर जोर
जखनिया ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश अमित कुमार यादव ने बताया कि ग्राम न्यायालय परिसर में मुख्य रूप से सुलह-योग्य फौजदारी (क्रिमिनल) और दीवानी (सिविल) मुकदमों का निपटारा किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सभी जटिल वादों का निस्तारण जिला न्यायालय स्तर पर गठित पीठों द्वारा किया जाएगा।
न्यायाधीश अमित कुमार यादव ने आम जनता और वादकारियों से अपील की है कि वे बिना किसी हिचकिचाहट के राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचे और अपने लंबे समय से चले आ रहे विवादों का निस्तारण कराकर समय व धन दोनों की बचत करें।
अधिवक्ता संघ ने भी की लोक अदालत को सफल बनाने की अपील
लोक अदालत को सफल बनाने के लिए ग्राम न्यायालय अधिवक्ता संघ ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। वकीलों ने वादकारियों से अपने मामलों को आपसी बातचीत से सुलझाने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर ग्राम न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष दुर्ग विजय यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, महामंत्री राम कुंवर सिंह, मेडिएशन अध्यक्ष ओंकार नाथ शर्मा, अधिवक्ता जितेंद्र कुमार सिंह, हरकेश यादव, सुभाष यादव और पप्पू यादव समेत कई प्रमुख अधिवक्ता उपस्थित रहे।
