



गाजीपुर।जखनियां तहसील अंतर्गत भूड़कुंडा स्थित श्री महंत रामाश्रय दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को बीएड प्रथम सेमेस्टर एवं बीपीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सुचारु, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 18 कालेजों परीक्षार्थी शामिल हुए। जहां कुल 1819 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे।
परीक्षा के दौरान 50 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 1769 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में सहभागिता की। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आंतरिक उड़ाका दल द्वारा परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने पर चार परीक्षार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें रिस्ट्रिक्ट कर दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बृजेश जायसवाल ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह से नकलविहीन एवं पारदर्शी माहौल में कराई गई। उन्होंने बताया कि बीपीएड पाठ्यक्रम में राजस्थान, बिहार एवं उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं, जिससे महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा और व्यापकता स्पष्ट होती है।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमला भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। प्राचार्य ने परीक्षा व्यवस्था में सहयोग देने वाले प्रशासन, उड़ाका दल, सहायक केंद्राधीक्षकों, कक्ष निरीक्षकों एवं समस्त कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
