Friday, September 4, 2026
Homeअपराधस्कूल वाहनों पर चला प्रशासन का चाबुक, 20 वाहन सीज, 24 के...

स्कूल वाहनों पर चला प्रशासन का चाबुक, 20 वाहन सीज, 24 के चालान

लापरवाही पर शिकंजा

ब्यूरो चीफ लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़
फर्रुखाबाद.स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन संचालकों पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) कानपुर रामरतन सोनी के नेतृत्व में फतेहगढ़ क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 20 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 24 वाहनों का चालान काटा गया। अभियान से स्कूल वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
जांच टीम ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आरआरसी फतेहगढ़ और कैंट क्षेत्र के विद्यालयों के बाहर ऑटो, ई-रिक्शा, मारुति वैन समेत स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहनों की एक-एक कर जांच की। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक अभिलेखों की पड़ताल की गई। साथ ही सीट क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान में आरटीओ (प्रवर्तन) कानपुर राहुल श्रीवास्तव, सीओ ट्रैफिक अभय वर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) फर्रुखाबाद सुभाष राजपूत, प्रभारी निरीक्षक फतेहगढ़ तेज सिंह और यातायात उप निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय मौजूद रहे। अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परिवहन विभाग के आंकड़े भी कार्रवाई की सख्ती की गवाही दे रहे हैं। पिछले दो माह में जनपद में 51 अनफिट स्कूली वाहनों का चालान, 23 वाहन सीज किए जा चुके हैं और 4.53 लाख रुपये प्रशमन शुल्क वसूला गया है। निजी वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाले 10 वाहनों तथा ओवरलोडिंग करने वाले सात वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वहीं सघन जांच के दौरान 22 अस्तित्वहीन वाहनों के पंजीयन चिन्ह भी निरस्त कराए गए।परिवहन विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा। आने वाले दिनों में कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया तथा कानपुर नगर की प्रवर्तन टीमों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर स्कूल वाहनों की व्यापक जांच की जाएगी। उद्देश्य साफ है—स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments