लल्लन सिंह यादव संवाददाता
बिरनो गाज़ीपुर।जंगीपुर थाना अंतर्गत रूहीपुर गांवसभा के खोजापुर गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान चोरों ने गृह स्वामी के पीछा करने पर तमंचे से फायरिंग भी की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी महेंद्र बिंद के घर मंगलवार देर रात करीब एक बजे चोर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखा बक्सा तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। आहट होने पर परिवार के लोग जाग गए और शोर मचाते हुए चोरों का पीछा करने लगे।
इसी दौरान महेंद्र बिंद के पुत्र रंजीत बिंद ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि गोली से को हताहत नहीं हुआ है. लेकिन फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद चोर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए इस संबंध में पीड़ित के पुत्र रंजीत बिंद ने बताया रात एक बजे घर में खरखराहट जैसे आवाज हुआ तो देखे कि कुछ लोग घर में से सामान लेकर बाहर निकल रहे हैं. जब मैने शोर मचाते हुए पीछा किया तो वे असलहे से फायर करते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश में जुटी हुई है। चोरी की तहरीर रंजीत कुमार बिंद ने दी है। वहीं जिला पंचायत सदस्य पारसनाथ सिंह यादव ने बताया कि इस गांव में पहली बार चोरी की वारदात हुई है। उन्होंने थानाध्यक्ष जंगीपुर से तत्काल घटना का पर्दाफाश करने को कहा। घटना की जानकारी होते ही सुबह पीड़ित के घर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।


