The ramesh soni
जखनियां (गाजीपुर):
जखनियां तहसील क्षेत्र के लिए रविवार की रात काल बनकर आई। बद्रीनाथ-केदारनाथ की 10 दिवसीय धार्मिक यात्रा संपन्न कर घर लौट रहे अधिवक्ताओं की लग्जरी कार आजमगढ़ मार्ग पर सड़क किनारे चलती एक ट्रक से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में वरिष्ठ अधिवक्ता रजनीकांत पांडेय (52 वर्ष) और सुनीता सिंह (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे हुआ हादसा:
मिली जानकारी के अनुसार, जखनियां तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता अलीपुर मद्ररा निवासी अखिलानंद सिंह अपनी पत्नी सुनीता सिंह के साथ और बुढ़ानपुर निवासी अधिवक्ता रजनीकांत पांडेय, अधिवक्ता संजय पांडेय व उनकी पत्नी अंतिमा पांडेय के साथ निजी कार से चारधाम यात्रा पर गए थे। रविवार रात करीब 12:00 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (224) से आजमगढ़ मार्ग (232) के कट पर उतरते समय उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे/खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी (SDM) अतुल कुमार सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामदुलार राम समेत तमाम अधिवक्ताओं ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है। हादसे की खबर मिलते ही अलीपुर मदरा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद सिंह (झुंना सिंह) और अटल कुमार सिंह समेत भारी संख्या में लोग आजमगढ़ स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल के लिए रवाना हो गए। फिलहाल घायल अखिलानंद सिंह, संजय पांडेय और अंतिमा पांडेय का उपचार चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
“नियति का क्रूर मजाक देखिए… श्रद्धा और भक्ति के साथ जिन हाथों ने बद्री-केदार के दर पर मत्था टेका, घर पहुंचने से चंद किलोमीटर पहले उन्हीं परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
गाजीपुर के जखनियां तहसील में आज मातम पसरा है। खबर ही ऐसी है जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। 10 दिनों की चारधाम यात्रा पूरी कर खुशियों के साथ घर लौट रहे अधिवक्ताओं की कार रविवार रात आजमगढ़ के पास हादसे का शिकार हो गई।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से उतरते ही मौत घात लगाकर बैठी थी। अनियंत्रित ट्रक और लग्जरी कार की भिड़ंत इतनी भयानक थी कि मौके पर ही वरिष्ठ अधिवक्ता रजनीकांत पांडेय और सुनीता सिंह ने दम तोड़ दिया। कार में सवार अधिवक्ता अखिलानंद सिंह, संजय पांडेय और उनकी पत्नी अंतिमा पांडेय इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
तहसील परिसर से लेकर गांव की गलियों तक सन्नाटा है। एसडीएम अतुल कुमार सिंह और बार एसोसिएशन ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति मिले और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।”





