गाजीपुर में आज बेटियों के हौसले और नेतृत्व क्षमता की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत एक दिन की जिलाधिकारी की कमान संभाल, गंगा मौर्या ने जनता की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत गाजीपुर में एक दिन की जिलाधिकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लूदर्स कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा गंगा मौर्या को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में गंगा मौर्या ने जिलाधिकारी की कुर्सी संभाली और जनपद के विभिन्न लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करना है, ताकि बेटियां भविष्य में समाज और शासन-प्रशासन में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने छात्रा गंगा मौर्या को बधाई देते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं गंगा मौर्या ने कहा एक दिन की जिलाधिकारी बनना मेरे लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। इस अनुभव से मुझे समझ आया कि प्रशासनिक पद पर बैठकर जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना कितनी बड़ी जिम्मेदारी होती है। मिशन शक्ति के इस प्रेरणादायक कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि अगर बेटियों को अवसर मिले तो वे नेतृत्व और जिम्मेदारी के हर मुकाम को हासिल कर सकती हैं।





