संवाददाता आबिद शमीम
नंदगंज (गाजीपुर)। गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन हाइवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी पर्यटन बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और कई बार पलटने के बाद सड़क पर विपरीत दिशा में जाकर खड़ी हो गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काठमांडू से दर्शन कर श्रद्धालुओं को लेकर दो पर्यटन बसें वाराणसी स्थित बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रही थीं। दोनों बसों में कुल करीब 91 यात्री सवार थे। जैसे ही बस नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारा गांव के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर चढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस लगभग 50 मीटर तक डिवाइडर पर घिसटती रही और फिर कई बार पलटते हुए हाइवे पर विपरीत दिशा में जाकर खड़ी हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला और बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस भीषण दुर्घटना में करीब 40-45 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी का हाथ टूट गया तो किसी का पैर, वहीं कई यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में एक महिला की गर्दन दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही नंदगंज थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सीओ) भुड़कुंडा मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते मार्ग खाली होने के कारण यह हादसा और भी बड़ा रूप नहीं ले सका, अन्यथा भारी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हाइवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








