रमेश प्रसाद सोनी
गाजीपुर। जनभावनाओं की सशक्त आवाज एक बार फिर संसद के पटल पर गूंजी, जब गाजीपुर की लोकप्रिय जननेता और ‘आयरन लेडी’ के रूप में विख्यात डॉ. संगीता बलवंत ने जखनिया रेलवे स्टेशन के समग्र विकास एवं प्रमुख मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को प्रभावशाली ढंग से उठाया।
क्षेत्रीय जनसमस्याओं को निरंतर मुखरता से उठाने वाले भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों का ही परिणाम है कि जखनिया की आवाज अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रही है। उन्होंने समय-समय पर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से मिलकर इस महत्वपूर्ण मुद्दे को प्राथमिकता दिलाई।
संसद में अपनी बात रखते हुए डॉ. बलवंत ने कहा कि गाजीपुर जनपद का जखनिया क्षेत्र शौर्य, आस्था और शिक्षा की त्रिवेणी है। यह भूमि परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद एवं महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पांडेय की गौरवगाथाओं से अनुप्राणित है। साथ ही यहां स्थित 500 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक भुड़कुड़ा मठ एवं सुप्रसिद्ध सिद्ध पीठ हथियाराम मठ देशभर के श्रद्धालुओं का प्रमुख आस्था केंद्र हैं, जहां निरंतर जनआवागमन बना रहता है।
उन्होंने क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 22539/22540 मऊ–आनंद विहार एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 19489/19490 गोरखपुर–अहमदाबाद एक्सप्रेस के जखनिया स्टेशन पर ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अतिरिक्त स्टेशन के अधूरे विकास कार्यों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उन्होंने टूटे हुए प्लेटफार्म के पुनर्निर्माण, प्लेटफार्म पर पीपी शेल्टर की संख्या बढ़ाने, सुलभ शौचालय युक्त आधुनिक प्रतीक्षालय के निर्माण, कोच डिस्प्ले बोर्ड की स्थापना, तथा उत्तर केबिन के पास रेलवे अंडरपास निर्माण एवं जर्जर सड़कों के नवीनीकरण की भी जोरदार पैरवी की।
इस पहल से जखनिया क्षेत्र की जनता में हर्ष और उम्मीद की नई किरण जगी है। क्षेत्रवासियों ने इसे अपने दैनिक आवागमन और आर्थिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सांसद के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। लोगों ने विश्वास जताया कि जखनिया, जो एक महत्वपूर्ण और राजस्व देने वाला स्टेशन है, शीघ्र ही विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और यहां मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित होगा।
जनता की आकांक्षाओं को साकार करने की इस दिशा में उठे कदम ने जखनिया के उज्ज्वल भविष्य की राह को और अधिक प्रशस्त कर दिया है।
जखनिया स्टेशन के समग्र विकास की गूंज संसद तक, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
Recent Comments
on Hello world!
