संवाददाता सत्येन्द्र विश्वकर्मा,
मीरजापुर।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवा योजना विभाग द्वारा बुधवार को जी.डी. बिनानी कॉलेज परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारम्भ प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल उर्फ मन्नू कोरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी व सहकारिता अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रोजगार मेले में 47 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 6422 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। साक्षात्कार के बाद 2107 युवाओं का विभिन्न पदों पर चयन किया गया। विदेश रोजगार हेतु एसएस मैन पावर सॉल्यूशन सहित कई कंपनियां तथा देश में रोजगार हेतु Tata Motors, भारतीय जीवन बीमा निगम, Dixon Technologies, Larsen & Toubro समेत अन्य कंपनियों ने स्टॉल लगाए।
इस अवसर पर 19 चयनित अभ्यर्थियों को अतिथियों द्वारा ऑफर लेटर भी वितरित किए गए। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने हेतु ऐसे मेले आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र तिवारी ने किया तथा प्रभारी जिलाधिकारी विशाल कुमार ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



