लखनऊ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा देश की पहली सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा #BharatTaxi के शुभारंभ पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी चालक बंधुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल को देश के परिवहन और सहकारिता क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘सहकार से समृद्धि’ को साकार करने वाली यह स्वदेशी पहल न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी, बल्कि टैक्सी चालकों को मुनाफे में सीधी सहभागिता, सम्मान और स्वाभिमान का अधिकार भी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अब चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं रहेंगे, बल्कि सहकारिता के माध्यम से व्यवस्था के भागीदार बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक टैक्सी सेवाओं के क्षेत्र में निजी कंपनियों का वर्चस्व रहा है, जहां चालक मेहनत तो करते थे, लेकिन मुनाफे का बड़ा हिस्सा कंपनियों के पास चला जाता था। भारत टैक्सी जैसी सहकारिता आधारित सेवा से चालकों को आर्थिक सुरक्षा, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा। यह पहल छोटे और मध्यम वर्ग के चालकों के लिए वरदान साबित होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉडल देशभर में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देगा और अन्य क्षेत्रों में भी सहकारी ढांचे पर आधारित नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस तरह की जनकल्याणकारी और आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करने वाली पहलों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत में कहा कि भारत टैक्सी सेवा न केवल परिवहन क्षेत्र में बदलाव लाएगी, बल्कि लाखों चालक परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
देश की पहली सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी ने चालक बंधुओं को दी बधाई
Recent Comments
on Hello world!
