सुभाष गुप्ता रिपोर्टर

फूलपुर प्रयागराज । प्रकाश पर्व दीपावली का पावन त्यौहार नगर पंचायत झूसी, सहित ग्रामीण अंचलों में एवं नगर पंचायत फूलपुर के ग्रामीण अंचलों सहित विकासखंड सहसों बाजार एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। सुबह से ही घरों और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं सजावट का दौर चलता रहा। शाम होते ही लोगों ने अपने अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और मंदिरों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, आकर्षक लाइटों और दीपों से सजाकर रोशनी से सराबोर कर दिया। दीपावली के अवसर पर सहसों बाजार, देवनहरी, जगबंधनपुर, चकिया घरहरा, कसेरुवा, कांदी, मेडुवा, रामनगर, बसमहुआ, तिवारीपुर, सिंगरामऊ, भोपतपुर सहित आसपास के गांवों में विशेष रौनक देखने को मिली। बाजारों में मिठाई, फल, फूल, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और दीपों की दुकानों पर ग्राहकों की सुबह से ही भीड़ लगी रही। लोगों ने भगवान गणेश, माता लक्ष्मी एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी की। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। शाम को शुभ मुहूर्त में लोगों ने विधि-विधान से भगवान गणेश, माता लक्ष्मी, हनुमान, धन के देवता का कुबेर एवं विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद घरों के आंगन, छतों, दरवाजों और प्रतिष्ठानों पर मिट्टी के दीप जलाए गए। रंगोली और आकर्षक सजावट ने पर्व की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के मंदिरों में भी विशेष सजावट और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। दीपों की जगमगाहट और आतिशबाजी से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। हालांकि कुछ लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर सादगी के साथ प्रकाश पर्व के पावन त्यौहार को मनाया।
