Thursday, November 19, 2026
HomeBlogनदी में डूबे 14 वर्षीय ओम जी सिंह का दूसरे दिन मिला...

नदी में डूबे 14 वर्षीय ओम जी सिंह का दूसरे दिन मिला शव, घटनास्थल से 1 किमी दूर पुलिया के पास बरामद, गांव में मातम

विवेक कुमार सिंह संवाददाता

सेवराई (गाजीपुर)। गहमर कोतवाली क्षेत्र के देवल कर्मनाशा घाट पर छठ पूजा की वेदी बनाते समय नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर ओम जी सिंह का शव दूसरे दिन रविवार को दोपहर करीब 2 बजे बरामद हो गया। शव घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर देवल कर्मनाशा पुलिया के पास मिला है। शव मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में कोहराम मच गया और परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे।

बता दें कि शनिवार की सुबह देवल गांव निवासी ओम जी सिंह (14) पुत्र उदय नारायण सिंह अपने परिवार के सदस्यों के साथ कर्मनाशा नदी के देवल घाट पर छठ पूजा के लिए वेदी बनाने गया हुआ था। वेदी बनाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया। जब तक परिजन और वहां मौजूद लोग उसे बचा पाते, तब तक वह पानी के भीतर डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही वहां हड़कंप मच गया। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना गहमर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई, लेकिन पहले दिन किशोर का कोई पता नहीं चल पाया।

SDRF ने लगातार चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद से एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। रविवार को भी सुबह से ही टीम ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर नदी में बोट और अन्य उपकरणों की मदद से तलाशी अभियान चलाया। करीब दोपहर 2 बजे टीम को देवल कर्मनाशा पुलिया के पास किशोर का शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ पुलिया की तरफ दौड़ पड़ी।

शव देखते ही परिजनों में कोहराम

शव देखते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि ओम जी अपने पिता का इकलौता पुत्र था। छठ जैसे महापर्व की खुशियां इस घटना से मातम में बदल गईं। पूरे देवल गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मौके पर मौजूद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस संबंध में गहमर कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि किशोर का शव बरामद कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments