समाचार भारत संवाददाता मुहम्मद ईशा नियाजी


जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के मंच अब राजनीतिक गतिविधियों के भी केंद्र बनते नजर आ रहे हैं।दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन और रामलीला मंच पर भगवान श्रीराम की आरती के जरिए विभिन्न दलों के नेता अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।इसी क्रम में रविवार की देर शाम बरुईन मोड़ स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में बसपा नेता परवेज खां और स्टेशन बाजार की रामलीला में रितेश सिंह की मौजूदगी चर्चा में रही।दोनों नेताओं ने विकास के मुद्दे पर अपनी-अपनी बात रखी और राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा।
बरुईन मोड़ स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के नेता परवेज खां ने मां दुर्गा का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।इस दौरान उन्होंने भाजपा और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जमानियां विधानसभा क्षेत्र पिछले 25 से 30 वर्षों से विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है।उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर दोनों दलों पर सवाल उठाए।
वहीं,स्टेशन बाजार स्थित रामलीला में पहुंचे पूर्व मंत्री एवं जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह के पुत्र रितेश सिंह ने भगवान श्रीराम की आरती की। इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित मां दुर्गा पूजा पंडाल और लोहटिया स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भी दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विकास के मुद्दे पर सवाल उठाने वालों पर तंज कसा।
रितेश सिंह ने कहा कि यदि भाजपा के लोग विकास को लेकर सवाल उठाते हैं तो उन्हें इसका बेहतर जवाब दिया जा सकता है,क्योंकि पिछले 10 से 12 वर्षों से सत्ता की ताकत भाजपा के पास है।उन्होंने बसपा को फिलहाल मुख्य राजनीतिक मुकाबले के केंद्र में नहीं बताते हुए कहा, “गंभीर लोगों को गंभीर विषय पर जवाब दिया जाता है, हल्के लोगों को मैं गंभीर विषय पर क्या जवाब दूं?”
उन्होंने आगे कहा कि जिन्हें जमानियां में विकास दिखाई नहीं देता,उन्हें अपना चश्मा ठीक कराने की जरूरत है। रितेश सिंह ने परिसीमन में बदलाव के बाद वर्ष 2012 से 2017 के बीच हुए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उस अवधि में युवाओं को रोजगार देने, स्टेडियम, नवीन अस्पताल और विद्यालयों की स्थापना,नए पावर हाउस तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने जैसे कार्य किए गए। उन्होंने किसानों के हित में सिंचाई संसाधनों के विस्तार,गंगा कटान रोकने और गंगा व कर्मनाशा नदियों पर पक्के घाटों के निर्माण को भी विकास कार्यों का हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के जरिए आम जनता की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। बैकुंठ धाम का उल्लेख करते हुए भी उन्होंने विरोधियों पर व्यंग्य किया और अपने पक्ष में कराए गए विकास कार्यों का दावा दोहराया।
इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, सभासद मनीष यादव, सभासद रजनीकांत उपाध्याय, पूर्व सभासद कालिका, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज निगम, उपाध्यक्ष शंकर शर्मा, उमा जायसवाल, बावन सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



