समाचार भारत राहुल राय संवाददाता

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मुहम्मदाबाद गोहना स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर सेवा कार्य किया। उन्होंने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मंत्री ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया और सेवा एवं सहयोग की भावना के साथ आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की।
मंत्री ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान और उनकी सेवा करना सभी की जिम्मेदारी है। जरूरतमंदों के साथ संवेदनशीलता और सहयोग की भावना से खड़ा होना सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी समाज में सेवा, सम्मान और संवेदना की भावना को मजबूत करना है।
वहीं, नगर विकास विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत मुहम्मदाबाद गोहना के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने घर और आसपास के स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया। सेवा संकल्प और स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाज में सेवा, स्वच्छता, सम्मान तथा संवेदना की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
